You'll Also Like

Showing posts with label Tourism. Show all posts
Showing posts with label Tourism. Show all posts

Thursday, July 3, 2014

नैनीताल और नैनी झील के बारे में कुछ तथ्य


सरोवर नगरी नैनीताल को कभी विश्व भर में अंग्रेजों के घर ‘छोटी बिलायत’ के रूप में जाना जाता था, और अब नैनीताल के रूप में भी इस नगर की वैश्विक पहचान है। इसका श्रेय केवल नगर की अतुलनीय, नयनाभिराम, अद्भुत, अलौकिक जैसे शब्दों से भी परे यहां की प्राकृतिक सुन्दरता को दिया जाऐ तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। 
नैनीताल की वर्तमान रूप में खोज करने का श्रेय अंग्रेज व्यवसायी पीटर बैरन को जाता है, कहते हैं कि उनका शाहजहांपुर के रोजा नाम के स्थान में शराब का कारखाना था। कहा जाता है कि उन्होंने 18 नवम्बर 1841 को नगर की खोज की थी। बैरन के हवाले से सर्वप्रथम 1842 में आगरा अखबार में इस नगर के बारे में समाचार छपा, जिसके बाद 1850 तक यह नगर ‘छोटी बिलायत’ के रूप में देश-दुनियां में प्रसिद्ध हो गया। कुमाऊं विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय एवं भूविज्ञान विभाग के अध्यक्ष भूगर्भ वेत्ता प्रो.सीसी पंत के अनुसार बैरन ने ईस्ट इंडिया कंपनी के लोगों को दिखाने के लिये लंदन की पत्रिका National Geographic में भी नैनीताल नगर के बारे में लेख छापा था। 1843 में ही नैनीताल जिमखाना की स्थापना के साथ यहाँ खेलों की शुरुआत हो गयी थी, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने लगा। 1844 में नगर में पहले ‘सेंट जोन्स इन विल्डरनेस’ चर्च की स्थापना हुई। 1847 में यहां पुलिस व्यवस्था शुरू हुई। 1862 में यह नगर तत्कालीन नोर्थ प्रोविंस (उत्तर प्रान्त) की ग्रीष्मकालीन राजधानी व साथ ही लार्ड साहब का मुख्यालय बना साथ ही 1896 में सेना की उत्तरी कमांड का एवं 1906 से 1926 तक पश्चिमी कमांड का मुख्यालय रहा। 1872 में नैनीताल सेटलमेंट किया गया। 1880 में नगर का ड्रेनेज सिस्टम बनाया गया। 1881 में यहाँ ग्रामीणों को बेहतर शिक्षा के लिए डिस्ट्रिक्ट बोर्ड व 1892 में रेगुलर इलेक्टेड बोर्ड बनाए गए। 1892 में ही विद्युत् चालित स्वचालित पम्पों की मदद से यहाँ पेयजल आपूर्ति होने लगी। 1889 में 300 रुपये प्रतिमाह के डोनेशन से नगर में पहला भारतीय कॉल्विन क्लब राजा बलरामपुर ने शुरू किया। कुमाऊँ में कुली बेगार आन्दोलनों के दिनों में 1921 में इसे पुलिस मुख्यालय भी बनाया गया। वर्तमान में यह  कुमाऊँ मंडल का मुख्यालय है, साथ ही यहीं उत्तराखंड राज्य का उच्च न्यायालय भी है। यह भी एक रोचक तथ्य है कि अपनी स्थापना के समय सरकारी दस्तावेजों में 1842 से 1864 तक यह नगर नइनीटाल (Nynee tal) 1865 से 1890 तक नायनीटाल व 1891 से नैनीटाल लिखा गया। 2001 की भारतीय जनगणना के अनुसार नैनीताल की जनसंख्या 38,559 थी। जिसमें पुरुषों और महिलाओं की जनसंख्या क्रमशः 46 व 54 प्रतिशत और औसत साक्षरता दर 81 प्रतिशत थी, जो राष्ट्रीय औसत  59.5 प्रतिशत से अधिक है। इसमें भी पुरुष साक्षरता दर 86 प्रतिशत और महिला साक्षरता 76 प्रतिशत थी। 2011 की जनगणना के अनुसार नैनीताल की जनसंख्या 41,416 हो गई है। पूरा पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें। 

Sunday, April 27, 2014

वार्निश पीकर चलती हैं नैनीताल की नौकाएं

-कई मायनों में अनूठी हैं नैनीताल की चप्पूदार नौकाएं
नवीन जोशी, नैनीताल। नैनीताल में बेतर आशाओं-उम्मीदों के साथ ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे में नौका मालिक जोरों से सीजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। अपने आकार-प्रकार तथा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री सति अनेक आधारों पर अपनी तरह की अनूठी नैनी सरोवर की शान कही जाने वाली नौकाओं को सीजन के लिए तैयार किया जा रहा है। खासकर नौकाओं को वार्निश पिलाने पर खासा ध्यान दिया जा रहा है। जी हां, जानकर हैरत में ना पड़ें, अनेक वाहन जहां चलने के लिए डीजल-पेट्रोल पीते हैं, वहीं नैनीताल की नावें वार्निश पीती हैं। नावों के लिए वार्निश का खर्चा नाव मालिकों के लिए बड़ी चिंता का विषय भी होता है।
नैनीताल की नौकाओं के वार्निश पीने के इस रोचक संदर्भ से पहले इन खास नौकाओं के बनने की प्रविधि भी जान लें। करीब 22 फीट लंबी, चार फीट चौड़ी व डेड़ फीट ऊंची नौकाएं बेशक अपनी गद्दियों पर लगे कपड़े की वजह से रंग-बिरंगी नजर आती हैं, पर इनके निर्माण में रंग का प्रयोग केवल पांव रखने के फर्श और चप्पुओं में ही होता है। सामान्यतया इन्हें पीले रंग से रंगा जाता है। वहीं नौका का शेष पूरा हिस्सा अंदर-बाहर वार्निश से ही जलरोधी (वाटरप्रूफ) बनाया जाता है। नौकाएं हल्की व मजबूत शीशम की लकड़ी से बने ढांचे (इसे नाव की रीढ़ कहा जाता है) पर तुन की मुड़ने योग्य खपच्चियों (पट्टियों) को जंगरोधी तांबे की बनी कीलों से जोड़कर बनाई जाती हैं। चप्पू और फर्श चीढ़ की लकड़ी के बनते हैं। इसमें करीब एक माह का समय लग जाता है और 78 हजार रुपए का खर्च आता है। नाव के पूरे ढांचे को जलरोधी बनाने के लिए हर तीन माह में करीब तीन लीटर और हर छह माह में करीब छह लीटर यानी वर्ष भर में करीब नौ लीटर वार्निश का प्रयोग किया जाता है, जिसे नाव को वार्निश पिलाना कहा जाता है। जान लें कि एक लीटर वार्निश करीब 280 रुपए का, और तीन लीटर की केन करीब 800 रुपए की आती है। हर वर्ष सीजन से पहले मार्च-अप्रैल तथा सर्दियों से पहले बारिश-बर्फ से नाव को बचाने के लिए अक्टूबर में दो बार नावों की मरम्मत की जाती है, तब तक तुन की दो-चार पट्टियां इस सारे प्रबंध के बावजूद सड़ जाती हैं, लिहाजा उन्हें बदलना पड़ता है। इस प्रकार हर मरम्मत पर तीन-चार हजार रुपए का खर्च आ जाता है। वर्ष भर पूरी देखरेख के बावजूद एक नाव औसतन 10 वर्षों में पूरी तरह से खराब हो जाती है। नगर में केवल सात-आठ शिल्पी ही हैं जो नावों का निर्माण और मरम्मत कर पाते हैं। बताते हैं कि सरदार धन्ना सिंह ने 1930 के आसपास यहां इस विशेष प्रकार की नावें बनाने की शुरुआत की थी। ऐसी नावें केवल जनपद की भीमताल, सातताल व नौकुचियाताल झीलों में ही सवारी के लिए मिलती हैं। 
कई स्नातक भी खेह रहे नाव
उल्लेखनीय है कि नाशपाती के आकार की नैनी झील करीब तीन किमी की परिधि की 14 मीटर लंबी, 46 मीटर चौड़ाई व अधिकतम 28 मीटर गहराई की तथा 4.8 हेक्टेयर यानी 0.4 वर्ग किमी में फैली हुई है। इतनी छोटी झील में अकेले 222 चप्पूदार नौकाएं चलती हैं, जो अभी हाल में अक्टूबर से बड़े किराए के अनुसार 210 रुपए में झील का पूरा और 160 रुपए में आधा चक्कर लगाती हैं। कड़ी मेहनत से नाव चालक हाथों में छाले लगाने के बावजूद दिन भर में अधिकतम आठ से 10 चक्कर ही लगा पाते हैं, और दिन में औसतन एक हजार और वर्षभर में 55 हजार रुपए ही कमा पाते हैं। एक नाव से औसतन तीन लोगों के और  करीब 500 परिवार पलते हैं। करीब 175 नाव मालिक खुद ही अपनी नाव चलाते हैं। इनमें करीब डेड़ दर्जन नाव चालक स्नातक भी हैं। नाव के बनने का खर्च उतारने में खुद नाव खेने पर तीन साल और चालकों से चलवाने पर पांच वर्ष तक लग जाते हैं।
कभी नहीं हुई बड़ी दुर्घटना
नैनीताल। दिन भर पूरी मेहनत के बावजूद अच्छी आय प्राप्त न करने से नाव चालक बेहद कठिनाई का जीवन जी रहे हैं। नैनीताल नाव मालिक संघ के संयुक्त सचिव मोहन राम, पूर्व कोषाध्यक्ष डीके सती व सदस्य प्रमोद पवार बताते हैं उनकी समस्याएं चुनावी दौर में भी किसी प्रत्याशी या दल के एजेंडे में शामिल नहीं होती। उन्हें लाइसेंस लेने सहित अनेकों पाबंदियां झेलनी पड़ती हैं। सूर्यास्त के बाद नाव चलाने की अनुमति नहीं है। अब तक के इतिहास में कभी चप्पूदार नौकाओं की कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई है, वरन झील में कूदने वालों की नाव चालक ही जान बचाते हैं।

Sunday, March 17, 2013

इस साल समय पर खिला राज्य वृक्ष बुरांश, क्या ख़त्म हुआ 'ग्लोबलवार्मिंग' का असर ?


नवीन जोशी, नैनीताल। राज्य वृक्ष बुरांश का छायावाद के सुकुमार कवि सुमित्रानंदन पंत ने अपनी मातृभाषा कुमाऊंनी में लिखी एकमात्र कविता में कुछ इस तरह वर्णन किया है 
‘सार जंगल में त्वि ज क्वे नहां रे क्वे नहां
फुलन छे के बुरूंश जंगल जस जलि जां।
सल्ल छ, दयार छ, पईं छ अयांर छ, 
पै त्वि में दिलैकि आग, 
त्वि में छ ज्वानिक फाग।
(बुरांश तुझ सा सारे जंगल में कोई नहीं है। जब तू फूलता है, सारा जंगल मानो जल उठता है। जंगल में और भी कई तरह के वृक्ष हैं पर एकमात्र तुझमें ही दिल की आग और यौवन का फाग भी मौजूद है।) 
कवि की कल्पना से बाहर निकलें, तो भी बुरांश में राज्य की आर्थिकी, स्वास्थ्य और पर्यावरण सहित अनेक आयाम समाहित हैं। अच्छी बात है कि इस वर्ष बुरांश अपने निश्चित समय यानी चैत्र माह के करीब खिला है, इससे इस वृक्ष पर ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव पड़ने की चिंताओं पर भी कुछ हद तक विराम लगा है। प्रदेश में 1,200 से 4,800 मीटर तक की ऊंचाई वाले करीब एक लाख हैक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में सामान्यतया लाल के साथ ही गुलाबी, बैंगनी और सफेद रंगों में मिलने वाला और चैत्र (मार्च-अप्रैल) में खिलने वाला बुरांश बीते वर्षों में पौष-माघ (जनवरी-फरवरी) में भी खिलने लगा था। इस आधार पर इस पर ‘ग्लोबल वार्मिंग’ का सर्वाधिक असर पड़ने को लेकर चिंता जताई जाने लगी थी। हालांकि कोई वृहद एवं विषय केंद्रित शोध न होने के कारण इस पर दावे के साथ कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती, लेकिन डीएफओ डा. पराग मधुकर धकाते कहते हैं कि हर फूल को खिलने के लिए एक विशेष ‘फोटो पीरियड’ यानी एक खास रोशनी और तापमान की जरूरत पड़ती है। यदि किसी पुष्प वृक्ष को कृत्रिम रूप से भी यह जरूरी रोशनी व तापमान दिया जाए तो वह समय से पूर्व खिल सकता है। 

बहुगुणी है बुरांश: बुरांश राज्य के मध्य एवं उच्च मिालयी क्षेत्रों में ग्रामीणों के लिए जलौनी लकड़ी व पालतू पशुओं को सर्दी से बचाने के लिए बिछौने व चारे के रूप में प्रयोग किया जाता है, वहीं मानव स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से इसके फूलों का रस शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी को दूर करने वाला, लौह तत्व की वृद्धि करने वाला तथा हृदय रोगों एवं उच्च रक्तचाप में लाभदायक होता है। इस प्रकार इसके जूस का भी अच्छा-खासा कारोबार होता है। अकेले नैनीताल के फल प्रसंस्कण केंद्र में प्रति वर्ष करीब 1,500 लीटर जबकि प्रदेश में करीब 2 हजार लीटर तक जूस निकाला जाता है। हालिया वर्षों में सड़कों के विस्तार व गैस के मूल्यों में वृद्धि के साथ ग्रामीणों की जलौनी लकड़ी पर बड़ी निर्भरता के साथ इसके बहुमूल्य वृक्षों के अवैध कटान की खबरें भी आम हैं।

यह भी पढ़ें : `जंगल की ज्वाला´ संग मुस्काया पहाड़..
कफुवा , प्योंली संग मुस्काया शरद, बसंत शंशय में

Tuesday, April 20, 2010

विश्व भर के पक्षियों का जैसे तीर्थ है नैनीताल






नवीन जोशी, नैनीताल। सरोवरनगरी नैनीताल की विश्व प्रसिद्ध पहचान पर्वतीय पर्यटन नगरी के रूप में ही की जाती है, इसकी स्थापना ही एक विदेशी सैलानी पीटर बैरन ने १८ नवम्बर १८४१ में की थी, और तभी से यह  नगर देश-विदेश के सैलानियों का स्वर्ग है. लेकिन इससे इतर इस नगर की एक और पहचान विश्व भर में है, जिसे बहुधा कम ही लोग शायद जानते हों. इस पहचान के लिए नगर को न तो कहीं बताने की जरूरत है, और नहीं महंगे विज्ञापन करने की. दरअसल यह पहचान मानव नहीं वरन पक्षियों के बीच है. पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार देश भर में पाई जाने वाली 1100 पक्षी प्रजातियों में से 600 यहां मिलती हैं। प्रवासी पक्षियों या पर्यटन की भाषा में पक्षी सैलानियों की बात करें तो देश में कुल आने वाली 400 पक्षी प्रजातियों में से 200 से अधिक यहां आती हैं, जबकि 200 से अधिक पक्षी प्रजातियों का यहां प्राकृतिक आवास है। यही आकर्षण है कि देश दुनियां के पक्षी प्रेमी प्रति वर्ष बड़ी संख्या में केवल पक्षियों के दीदार को यहाँ पहुंचाते हैं. इस प्रकार नैनीताल को विश्व भर के पक्षियों का तीर्थ कहा जा सकता है



  • देश की 1100 पक्षी प्रजातियों में से 600 हैं यहां
  • देश में आने वाली 400 प्रवासी प्रजातियों में से 200 से अधिक भी आती हैं यहां
  • स्थाई रूप से 200 प्रजातियों का प्राकृतिक आवास भी है नैनीताल
  • आखिरी बार 'माउनटेन क्वेल' को भी नैनीताल में ही देखा गया था 
नैनीताल में पक्षियों की संख्या के बारे में यह दावे केवलादेव राष्ट्रीय पक्षी पार्क भरतपुर राजस्थान के मशहूर पक्षी गाइड बच्चू सिंह ने किऐ हैं।वह गत दिनों ताईवान के लगभग १०० पक्षी प्रेमियों को जयपुर की संस्था इण्डिविजुअल एण्ड ग्रुप टूर्स के मनोज वर्धन के निर्देशन में यहाँ लाये थे. इस दौरान ताईवान के पक्षी प्रेमी जैसे ही यहाँ पहुंचे, उन्हें अपने देश की ग्रे हैरौन एवं चीन, मंगोलिया की शोवलर, पिनटेल, पोचर्ड, मलार्ड व गार्गनी टेल जैसी कुछ चिड़ियाऐं तो होटल परिसर के आसपास की पहाड़ियों पर ही जैसे उनके इन्तजार में ही बैठी हुई मिल गईं। उन्हें यहां रूफस सिबिया, बारटेल ट्री क्रीपर, चेसनेट टेल मिल्ला आदि भी मिलीं। मनोज वर्धन के अनुसार वह कई दशकों से यहाँ विदेशी दलों को पक्षी दिखाने ला रहे हैं. यहां मंगोली, बजून, पंगोट, सातताल व नैनीझील एवं कूड़ा खड्ड पक्षियों के जैसे तीर्थ ही हैं। उनका मानना है कि अगर देश-विदेश में नैनीताल का इस रूप में प्रचार किया जाऐ तो यहां अनंत संभावनायें हैं। अब गाइड बच्चू सिंह की बात करते हैं। वह बताते हैं जिम कार्बेट पार्क, तुमड़िया जलाशय, नानक सागर आदि का भी ऐसा आकर्षण है कि हर प्रवासी पक्षी अपने जीवन में एक बार यहां जरूर आता है।वह प्रवासी पक्षियों का रूट बताते हैं। गर्मियों में लगभग 20 प्रकार की बतखें, तीन प्रकार की क्रेन सहित सैकड़ों प्रजातियों के पक्षी साइबेरिया के कुनावात प्रान्त स्थित ओका नदी में प्रजनन करते हैं। यहां सितम्बर माह में सर्दी बढ़ने पर और बच्चों के उड़ने लायक हो जाने पर यह कजाकिस्तान-साइबेरिया की सीमा में कुछ दिन रुकते हैं और फिर उजबेकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, अफगानिस्तान व पाकिस्तान होते हुए भारत आते हैं। इनमें से लगभग 600 पक्षी प्रजातियां लगभग एक से डेड़ माह की उड़ान के बाद भारत पहुंचती हैं, जिनमें से 200 से अधिक उत्तराखण्ड के पहाड़ों और खास तौर पर अक्टूबर से नवंबर अन्त तक नैनीताल पहुँच जाते हैं। इनके उपग्रह एवं ट्रांसमीटर की मदद से भी रूट परीक्षण किए गऐ हैं। 
इस प्रकार दुनियां की कुल साढ़े दस हजार पक्षी प्रजातियों में से देश में जो 1100 प्रजातियां भारत में हैं उनमें से 600 से अधिक प्रजातियां नैनीताल में पाई जाती हैं। यहां उन्हें अपनी आवश्यकतानुसार दलदली, रुके या चलते पानी और जंगल में अपने खाने योग्य कीड़े मकोड़े और अन्य खाद्य वनस्पतियां आसानी से मिल जाती हैं। नैनीताल की "शेर-का-डांडा" पहाडी में ही १८७६ में दुनिया में आख़िरी बार 'माउंटेन क्वेल' यानि "काला तीतर" देखने के भी दावे किये जाते हैं.